ताजा खबर

 “रबी विपणन मौसम 2026-27” के अंतर्गत गेहूँ एवं मसूर अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा हेतु सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

 त्रिलोकी नाथ प्रसाद/”रबी विपणन मौसम 2026-27″ के अंतर्गत गेहूँ एवं मसूर अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा हेतु सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, श्री अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता विभाग के निबंधक , सहयोग समितियाँ, श्री रजनीश कुमार सिंह, अपर सचिव, सहकारिता विभाग श्री अभय कुमार सिंह,बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक श्री सुनील कुमार ,महाप्रबंधक , अधिप्राप्ति SFC, श्री रमेंद्र कुमार,विशेष कार्य पदाधिकारी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग श्री विनोद कुमार तिवारी तथा नेफेड एवं एन.सी.सी.एफ पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बिस्कोमान के अध्यक्ष श्री विशाल सिंह भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित विकेन्द्रीकृत अधिप्राप्ति योजना के तहत गेहूँ अधिप्राप्ति तथा प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत मसूर अधिप्राप्ति की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
सचिव , खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बैठक में निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं किसानों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान गन्नी बैग्स की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिप्राप्ति केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में गन्नी बैग्स उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि भंडारण एवं परिवहन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इसके अतिरिक्त गुणवत्ता नियंत्रण के लिए आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर भी चर्चा की गई। सचिव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति केंद्रों पर गुणवत्ता जांच की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय स्थापित कर अधिप्राप्ति कार्य को सुचारू रूप से संचालित करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा एवं उन्हें उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!