*मसौढी मोड़ से जीरो माइल तक सर्विस लेन की पक्की ढलाई का कार्य तेज गति से जारी*
*जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार के निर्देश पर एनएचएआई पटना सिटी द्वारा शुरू कराया गया कार्य; जाम की समस्या से मिलेगी राहत, आमजन एवं यात्रियों का आवागमन होगा सुगम*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, पटना के पहुंच पथ पर मसौढी मोड़ एवं जीरो माइल के आसपास सड़क की खराब स्थिति के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या के स्थायी समाधान तथा आमजनों एवं यात्रियों को आवागमन में होने वाली असुविधा दूर करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, पटना श्री कुंदन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक एनएचएआई को मसौढी मोड़ से जीरो माइल तरफ जाने वाली सर्विस लेन तथा मेट्रो पुल के नीचे से जीरो माइल तक क्षतिग्रस्त सर्विस लेन की पक्की ढलाई कराने का निर्देश दिया था। उन्होंने कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि सड़क की खराब स्थिति के कारण यातायात बाधित न हो और आम लोगों एवं बस टर्मिनल आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में एनएचएआई, पटना सिटी द्वारा मसौढी मोड़ से जीरो माइल की ओर ( दाहिनी तरफ ) के सर्विस लेन में पक्की ढलाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्य तेजी से किया जा रहा है। दाहिनी तरफ का कार्य पूरा होने के बाद बाईं तरफ की सर्विस लेन में भी पक्की ढलाई कराई जाएगी।
दाहिनी तरफ की सर्विस लेन की पक्की ढलाई का संपूर्ण कार्य 15 नवंबर 2026 तक पूरा कर ट्रैफिक खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है , इसके पश्चात बाईं तरफ के सर्विस लेन को भी पक्की ढलाई किया जाएगा । इससे सड़क की खराबी के कारण यातायात में होने वाली बाधाओं को दूर करने, जाम की समस्या कम करने तथा पाटलिपुत्र बस टर्मिनल आने-जाने वाले यात्रियों सहित आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें तथा यह सुनिश्चित करें कि आमजनों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।


