सारण जिले के बाढ़ पीड़ितों की सहायता को लेकर जिला पदाधिकारी की संवेदनशील पहल, 4,932 सूखे राशन पैकेट भेजे गए

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर राहत सामग्री का लगातार प्रेषण, अब तक 11,000 पॉलीथिन शीट एवं 11,500 सूखे राशन पैकेट सारण जिला भेजे गए
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/हाजीपुर। पड़ोसी जिले सारण में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह, भा.प्र.से. के संवेदनशील निर्देश एवं सतत मार्गदर्शन में वैशाली जिला प्रशासन द्वारा मानवीय सहयोग की दिशा में लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। आपदा की इस कठिन घड़ी में सारण के बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वैशाली जिला प्रशासन द्वारा राहत सामग्रियों का निरंतर प्रेषण किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज 4,932 सूखे राशन के पैकेट विशेष वाहनों के माध्यम से सारण जिला भेजे गए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आपदा से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री त्वरित रूप से पहुंचे और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से राहत कार्यों को प्रभावी बनाया जाए।
सारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के क्रम में वैशाली जिला प्रशासन द्वारा अब तक 11,000 पॉलीथिन शीट तथा 11,500 सूखे राशन के पैकेट भेजे जा चुके हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में अधिक से अधिक प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
सारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न होने के कारण बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन द्वारा सारण जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रशासनिक सीमाएं मानवीय संवेदना के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं। पड़ोसी जिले के प्रभावित परिवारों की सहायता करना हमारी सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। वैशाली जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है और आवश्यकता के अनुरूप राहत सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता और एकजुटता ही प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करती है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि राहत सामग्री समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे तथा आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।
वैशाली जिला प्रशासन द्वारा राहत सामग्री के प्रेषण एवं संबंधित प्रशासनिक समन्वय की प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि उपलब्ध कराई जा रही सहायता का अधिकतम लाभ बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जा सके।

