किशनगंज : नीट प्रदर्शन के मामलों की वापसी की प्रक्रिया शुरू, बहादुरगंज थाना कांड 460/2026 भी शामिल
किशनगंज, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, नीट पेपर लीक मामले को लेकर राज्यभर में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार सरकार के निर्णय के बाद बिहार के महाधिवक्ता ने सभी जिला पदाधिकारियों एवं लोक अभियोजकों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है। इस फैसले के दायरे में 26 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से पहले पूरे बिहार में दर्ज कुल 64 मामले शामिल हैं। इनमें किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना कांड संख्या 460/2026 भी शामिल है।
पटना स्थित एडवोकेट जनरल कार्यालय से 28 जुलाई 2026 को जारी संदर्भ संख्या-171 के पत्र में सभी जिलाधिकारियों और लोक अभियोजकों से कहा गया है कि सरकार के निर्णय का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पत्र में निर्देश दिया गया है कि संबंधित मामलों की वापसी के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि इन मामलों में जेल में बंद लोगों की जल्द रिहाई संभव हो सके।
महाधिवक्ता एस.डी. संजय द्वारा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि मामले वापस लेने के संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट संबंधित जिला पदाधिकारी राज्य सरकार तथा एडवोकेट जनरल कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इस निर्देश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, विधि विभाग के सचिव-सह-एलआर तथा पुलिस महानिदेशक, बिहार को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए भेजी गई है।
इस संबंध में पूर्व विधायक कोचाधामन मुजाहिद आलम ने बताया कि किशनगंज जिले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 460/2026 को वापस लेने की दिशा में जिला पदाधिकारी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, ताकि निर्दोष लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
गौरतलब है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर राज्य के विभिन्न जिलों में छात्रों और युवाओं द्वारा प्रदर्शन किए गए थे। इसी दौरान कई स्थानों पर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले दर्ज किए थे।
अब सरकार के निर्णय के बाद इन मामलों की वापसी की प्रक्रिया तेज होने से प्रभावित लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



