किशनगंज : एसपी की जनसुनवाई में सुनी गईं आम लोगों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

किशनगंज, 04 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को पुलिस कार्यालय, किशनगंज में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
एसपी ने जनसुनवाई में पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदनों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निष्पादन में निष्पक्षता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही मामलों की जांच गुणवत्तापूर्ण तरीके से करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुलिस पदाधिकारी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित थाना एवं पदाधिकारियों को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों में की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास कायम हो सके।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। एसपी संतोष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजन को समय पर न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।


