किशनगंज : भूतनाथ धाम में मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने किया जलाभिषेक, श्रावणी मेले का शुभारंभ

किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.) धर्मेन्द्र सिंह, सावन महीने की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सोमवार को ऐतिहासिक भूतनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवलिंग पर गंगाजल और दूध से अभिषेक कर जिले सहित पूरे बिहारवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूजा-अर्चना के दौरान मंत्री ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, फल, फूल, दूध और गंगाजल अर्पित कर विशेष अनुष्ठान किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवरिया मौजूद रहे।
मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा भूतनाथ के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने महादेव से बिहारवासियों के कल्याण, अमन-चैन और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
मेले के उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने इस वर्ष भूतनाथ धाम के पारंपरिक श्रावणी मेले को अपनी आधिकारिक सूची में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
भूतनाथ धाम में सावन के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कांवरिया ओदरा घाट से पवित्र जल लेकर करीब 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भूतनाथ धाम पहुंचते हैं और कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भूतनाथ कांवरिया सेवा समिति की ओर से मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीओ अनिकेत कुमार, अधिवक्ता शिशिर कुमार दास, रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा, संजय पासवान, मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



