ताजा खबर

जनकल्याण संवाद सहयोग कार्यक्रम में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर साधा निशाना।

सुधाकर शतरंज के एक मात्र मोहरा, शिक्षा मंत्री पर क्यों नहीं हो रही कारवाई : विजय सिन्हा

नीतीश हो गए हैं कमजोर सीएम, हर निर्णय के लिए राजद की ओर देखना पड़ रहा : विजय सिन्हा

पटना, 18 जनवरी । बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आज कोई भी निर्णय के लिए राजद की ओर देखना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज पाप को छिपाने और भ्रष्टाचार में बचाने के लिए सेवानिवृत भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को भी पुरस्कृत किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनकल्याण संवाद सहयोग कार्यक्रम में विभिन्न जिले से आए लोगों की समस्या सुनने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री सिन्हा ने पूर्व पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल के केंद्रीय चयन पर्षद, बिहार के अध्यक्ष बनाए जाने पर भड़कते हुए कहा कि एक मामले में जितने दोषी आईपीएस आदित्य कुमार दोषी है उतने ही दोषी पूर्व डीजीपी है।

उन्होंने कहा कि एक के लिए गिरफ्तारी वारंट और एक को पुरस्कृत। यह आपकी मानसिकता दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी को बचाने का खेल बिहार सरकार कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवालिया लहजे में कहा कि आखिर जिन अधिकारियों को जेल में होना चाहिए था, आखिर उन्हें पुरस्कृत क्यों किया जा रहा है। आपके भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व मंत्री और विधायक भी आप पर प्रश्न उठा रहे है।

उन्होंने महागठबंधन में दो प्रमुख सहयोगी दलों में हो रही बयानबाजी को नूराकुश्ती बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, विधि व्यवस्था की गिरती स्थिति से लोगों को ध्यान भटकाने के लिए सोची समझी रणनीति के तहत राम मंदिर, रामचरित मानस और रामायण जैसे विषयों पर विवाद पैदा किया जा रहा है।

उन्होंने उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भी इशारों ही इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि आज कल वे संविधान में आस्था व्यक्त करने लगे हैं, तो उन्हे शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए, आखिर मंत्री का पद संवैधानिक पद है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम ने इसी मर्यादा का पाठ पढ़ाया था।

पत्रकारों द्वारा पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह को राजद द्वारा कारण बताई नोटिस जारी करने से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि सुधाकर सिंह शतरंज में सिर्फ एक मोहरा हैं।

उन्होंने कहा कि जो असली लूटने वाली जमात बैठी है उसे पोषित किया जा रहा है। समाज में जो नफरत और घृणा फैला रहे है वे शिक्षा मंत्री पर कारवाई क्यों नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग जिनपर अपराध और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं उनपर कारवाई क्यों नही हो रहा?

Related Articles

Back to top button