District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

अररिया : एसपी ने किया पलासी थाना का निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और वाहन जांच तेज करने का निर्देश

लंबित कांडों की समीक्षा कर डायरी अद्यतन रखने और गश्ती बढ़ाने का दिया निर्देश

अररिया, 20 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कैय्युम, अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने गुरुवार को पलासी थाना का निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर, पुलिस बैरक और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की समीक्षा की। उन्होंने मालखाना पंजी, सीडी पार्ट वन, टू एवं थ्री सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही लंबित कांडों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों को कांडों की डायरी समय पर अद्यतन करने, लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा।निरीक्षण के दौरान एसपी जितेंद्र कुमार ने थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने बताया कि थाना के क्रियाकलाप से वे संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि थाना में सभी पुलिस पदाधिकारी लैपटॉप के माध्यम से कांडों का संधारण कर रहे हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मौके पर पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button