किशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पश्चिमपाली में घुटनों तक पानी, गंदे पानी में नहाकर समाजसेवी ने जताया विरोध

किशनगंज, 03 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, लगातार हो रही बारिश के बाद किशनगंज शहर के पश्चिमपाली इलाके में जलजमाव की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है। मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग जिले के सातों प्रखंडों को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है, ऐसे में जलजमाव से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

नालियां ऊंची, सड़क पर जमा हो रहा पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार पश्चिमपाली में बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। सड़क से ऊंची बनी नालियों के कारण पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर ही जमा हो जाता है। बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है।

जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे की कई दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

गंदे पानी में नहाकर जताया विरोध

जलजमाव के खिलाफ समाजसेवी इम्तियाज नसर ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने पानी से भरी सड़क पर जमा गंदे पानी में नहाकर नगर परिषद और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि और अधिकारी खुद जलजमाव की समस्या की गंभीरता को महसूस नहीं करेंगे, तब तक इसका स्थायी समाधान संभव नहीं है।

उन्होंने पश्चिमपाली में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

इधर, स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के विकास को लेकर दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही जमीनी स्थिति सामने आ जाती है। नागरिकों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button