अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर छह बच्चों की मां को घर से निकाला, पति समेत ससुराल के खिलाफ केस

किशनगंज, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर छह बच्चों की मां को ससुराल से निकाल देने का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा घर से बेदखल करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को किशनगंज सदर थाना में पति सहित अन्य ससुराल वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के टेउसा निवासी शाहिद अली से हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। इस दौरान दंपति के छह बच्चे भी हुए। महिला का आरोप है कि शादी के शुरुआती वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय बीतने के साथ पति और उसके परिजनों का व्यवहार बदल गया।

पीड़िता का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। महिला ने बताया कि उसके मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन दहेज की मांग पूरी नहीं कर सके।

आरोप है कि दहेज नहीं मिलने से नाराज पति ने एक दिन महिला को उसके छह बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने बच्चों के साथ मायके में रहकर जीवनयापन कर रही है। न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद अदालत के निर्देश पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button