किशनगंज : राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणीकरण से बढ़ा किशनगंज का मान, भोगडाबर आरोग्य मंदिर ने बनाई पहचान
86.21 फीसदी अंक के साथ भोगडाबर आयुष्मान आरोग्य मंदिर को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र

किशनगंज, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भोगडाबर ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए मूल्यांकन में संस्थान ने 86.21 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ‘शर्तों सहित गुणवत्ताप्रमाणित’ का राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र हासिल किया है। इस उपलब्धि से जिले के स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुरक्षा, अभिलेख संधारण, आधारभूत संरचना और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न मानकों पर किया जाता है। 20 जून को हुए मूल्यांकन में भोगडाबर आयुष्मान आरोग्य मंदिर इन सभी मानकों पर खरा उतरा और 86.21 प्रतिशत अंक हासिल किए।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थान का राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत, बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क का परिणाम बताते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन केवल एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को भी राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का प्रयास जारी है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनाजिम ने इसे पूरी टीम के सतत प्रयासों का परिणाम बताया, जबकि जिला गुणवत्ता आश्वासन समन्वयक सुमन सिन्हा ने कहा कि प्रमाणन मिलने के बाद भी गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस उपलब्धि से ग्रामीणों का सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर भरोसा और मजबूत होगा तथा जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी गुणवत्ता सुधार के लिए प्रेरणा मिलेगी।


