ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

भोजपुर में दिवंगत शिक्षक करेंगे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ड्यूटी, चौंकिए मत, अंचल प्रशासन कह रहा यह बात…

गुड्डु कुमार सिंह आरा : इस बार प्रखंड में संभावित बाढ़ को देखते हुए जोनल पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी तथा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पंचायतवार करने के दौरान अंचल कार्यालय बड़हरा द्वारा इस कदर लापरवाही बरती गई है कि परलोक सिधार चुके शिक्षक की भी ड्यूटी लगा दी गई है। साथ ही दूसरे प्रखंड में स्थानांतरित हो चुके शिक्षकों का नाम भी सूची में है। हालांकि, यह तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुई है लेकिन तत्‍काल तो इससे अंचल कार्यालय की किरकिरी जरूर हुई है।

शिक्षक से लेकर आंगनबाड़ी सेविका-सहायि‍का की लगी ड्यूटी…

अंचल कार्यालय द्वारा जारी लिस्ट में राजस्व कर्मी, शिक्षक, किसान सलाहकार, आवास सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी सेविका तथा सहायिका समेत प्रखंड स्तरीय कर्मी तथा पदाधिकारियों की ड्यूटी बाढ़ कार्य में लगाई गई है। प्रखंड की 20 पंचायतों के खवासपुर, नरगदा, सोहरा, बलुआ, पकड़ी, सिन्हा, गजियापुर, नथमलपुर, सरैयां, पश्चिमी गुंडी, पूर्वी गुंडी, बखोरापुर, नेकनाम टोला, फरना, सेमरिया पड़रिया, पूर्वी बबुरा, पश्चिमी बबुरा, बड़हरा, मटुकपुर व एकवना पंचायत में जोनल पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी तथा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति बाढ़ कार्य के लिए की गई है।

सीओ ने कहा-मंगलवार को सुधार कर जारी होगी नयी सूची …

इस प्रतिनियुक्ति में अंचल कार्यालय बड़हरा ने नया प्राथमिक विद्यालय सरैयां के शिक्षक कुमार गोपाल सिंह की ड्यूटी सरैया पंचायत के वार्ड संख्या 10 में लगाई है। जबकि कुमार गोपाल सिंह की एक गंभीर बीमारी से पहले ही मौत हो गई है। वहीं आरा में स्थानांतरित हो चुके उत्क्रमित मध्य विद्यालय बलुआ के योगेंद्र प्रसाद सिंह, मध्य विद्यालय छिनेगांव के मंसूर आलम, मध्य विद्यालय दुर्गटोला के सुदीप कुमार सिंह के साथ उदवंतनगर प्रखंड में स्थानांतरित हुए उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के मनोज कुमार गुप्ता की ड्यूटी भी बाढ़ प्रभावित इलाके में लगाई गई है। इस संबंध में प्रभारी अंचलाधिकारी मोहम्मद नोमान ने बताया कि उन्‍हें भी इसकी जानकारी मिली है। मंगलवार को सुधार कर नई प्रतिनियुक्ति सूची जारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button