सरकारी अभियंत्रण महाविद्यालय सहरसा के स्टार्टअप सेल में आइडिया बूटकैंप का आयोजन

सहरसा, 29 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, सरकारी अभियंत्रण महाविद्यालय सहरसा स्थित स्टार्टअप सेल में विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभागियों में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आइडिया बूटकैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के अभिनव विचारों को उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें व्यावसायिक रूप देने और स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम में सहरसा अभियंत्रण महाविद्यालय, आईटीआई सहरसा, पॉलिटेक्निक कॉलेज सहरसा सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने अपने-अपने नवाचार एवं उद्यमशील विचारों की आइडिया पिचिंग के माध्यम से प्रस्तुति दी। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों के विचारों का व्यावहारिक एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण से परीक्षण करते हुए आवश्यक सुझाव दिए गए। इस दौरान बाजार की संभावनाओं, उत्पाद एवं सेवा के विकास तथा विचारों को स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को Startup Bihar के उद्देश्यों, सुविधाओं एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि बिहार सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा युवाओं के नवीन व्यावसायिक विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रतिभागियों को बिहार स्टार्टअप योजना के अंतर्गत पात्र स्टार्टअप के लिए उपलब्ध ₹10 लाख तक के Interest-Free Seed Fund के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि यह वित्तीय सहायता प्रारंभिक स्तर पर उत्पाद/सेवा के विकास तथा स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में उपयोगी हो सकती है। योजना के तहत निर्धारित शर्तों एवं पात्रता के अनुसार सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को Startup Bihar की आधिकारिक वेबसाइट startup.bihar.gov.in तथा हेल्पलाइन नंबर 18003456214 के माध्यम से योजना एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य, सरकारी अभियंत्रण महाविद्यालय, सहरसा; महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, सहरसा; परियोजना प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, सहरसा; स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज; भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा, सहरसा के मुख्य प्रबंधक; विभिन्न महाविद्यालयों के सहायक प्राध्यापक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
आइडिया बूटकैंप के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप इकोसिस्टम, वित्तीय सहायता एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में युवाओं को अपने विचारों को केवल अवधारणा तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यवहारिक, उपयोगी एवं संभावित व्यावसायिक उद्यम में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उपलब्ध संस्थागत एवं सरकारी सहयोग का लाभ उठाते हुए रोजगार के अवसर तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन करने वाले उद्यमी के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।



