निर्वाचन की तैयारी को लेकर किशनगंज में हुई महत्वपूर्ण बैठक
प्रेक्षकों, निर्वाची पदाधिकारियों एवं अभ्यर्थियों को दिए गए निर्देश

किशनगंज,23अक्टूबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी प्रेक्षकगण, निर्वाची पदाधिकारीगण, निर्वाचन में भाग ले रहे विधिमान्य अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधिगण शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी विशाल राज ने की। उन्होंने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की और मतदाताओं से संबंधित आंकड़ों जैसे—लिंगानुपात, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता, नवमतदाता (18+), महिला एवं दिव्यांग मतदाताओं की स्थिति, कुल मतदाताओं की संख्या एवं SWEEP कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि मतदान का समय प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित है तथा सभी पोलिंग एजेंटों को सुबह 5:30 बजे तक मतदान केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। आदर्श आचार संहिता (MCC) के पालन पर विशेष बल देते हुए उन्होंने बताया कि MCC अनुपालन की सतत निगरानी अनुश्रवण कोषांग के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन व्यय की सीमा अधिकतम 40 लाख रुपये तय की गई है और इसके लिए स्टैटिक टीम एवं जांच टीमें सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया कि वे रैली या जनसभा आयोजित करने से कम-से-कम 48 घंटे पूर्व अनुमति हेतु आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार से संबंधित सभी खर्च अभ्यर्थी के कुल निर्वाचन व्यय में जोड़े जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मीडिया सर्टिफिकेशन का कार्य MCMC कोषांग के माध्यम से किया जा रहा है, जो Paid News (भुगतानयुक्त समाचार) पर भी कड़ी निगरानी रख रहा है ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
सामान्य प्रेक्षक श्रवण प्रमोद हार्डिकर (IAS) ने बताया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 से 11:00 बजे तक किशनगंज गेस्ट हाउस में आम नागरिकों एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने सभी दलों से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान का वातावरण बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि C-Vigil ऐप के माध्यम से कोई भी नागरिक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत कर सकता है, जिसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों से ऐसे व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया जो मतदान प्रक्रिया को अनुचित रूप से प्रभावित कर सकते हैं।
प्रेक्षक ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने पोलिंग एजेंटों को प्रशिक्षण दें ताकि वे मतदान केंद्रों पर मॉक पोल एवं मतदान प्रक्रिया को सही ढंग से समझ सकें। पुलिस प्रेक्षक ने कहा कि किसी भी उम्मीदवार को यदि कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या हो तो वे तत्काल उनसे संपर्क करें।
बैठक के अंत में प्रेक्षक ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ दीं और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक सागर कुमार, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी (RO), पुलिस प्रेक्षक, सामान्य प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक, तथा सभी राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



