शौर्य चक्र विजेता वीर जवान सद्दाम हुसैन का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया सम्मान, बोले— झारखंड को अपने वीर सपूत पर गर्व

रांची: कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराने वाले झारखंड के वीर जवान सद्दाम हुसैन को भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड का यह वीर सपूत पूरे देश का गौरव है। ऐसे जांबाज सैनिकों की बहादुरी और बलिदान से देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और हर झारखंडवासी का सिर गर्व से ऊंचा होता है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर सद्दाम हुसैन की वीरता से उन्हें अवगत कराएंगे तथा राज्य सरकार की ओर से भी उनके उचित सम्मान के लिए आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि वीरों का सम्मान करना समाज और सरकार, दोनों की जिम्मेदारी है। सद्दाम हुसैन के पिता राशिद ने कहा कि उनका सपना है कि देश का हर बेटा सद्दाम हुसैन की तरह राष्ट्रसेवा, साहस और देशभक्ति का प्रतीक बने। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेता शकील अंसारी, जमील अंसारी, मनोज कुमार, नईम अंसारी, रवि पंडित, मोहम्मद कश्यप, गुलाम हुसैन और मुस्तफा अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।