ताजा खबर

*बिहार के लाल सावन कुमार का पटना पहुंचने पर भव्य स्वागत*

*अंडर-18 एशिया कप हॉकी 2026 की विजेता भारतीय टीम के गोलकीपर हैं बिहार के सावन कुमार*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/जापान के काकामिगाहारा में आयोजित पुरुष हॉकी अंडर-18 एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य एवं बिहार के प्रतिभाशाली गोलकीपर सावन कुमार का मंगलवार को पटना पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि 6 जून 2026 को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान जापान को 4-1 से पराजित कर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में बिहार के युवा खिलाड़ी सावन कुमार ने गोलकीपर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पटना एयरपोर्ट पर माननीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने सावन कुमार का माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, हॉकी प्रेमी तथा बड़ी संख्या में खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि सावन कुमार की उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अंडर-18 एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनकर सावन ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

उन्होंने कहा, “आज हमने बिहार का गौरव देखा है। सावन ने हर बिहारी को गर्व महसूस करने का अवसर दिया है। बिहार के बच्चों में अपार प्रतिभा है और उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनानी चाहिए। हमारी सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में बिहार के और अधिक खिलाड़ी भारतीय जूनियर एवं सीनियर टीमों का हिस्सा बनकर देश के लिए पदक जीतेंगे।”

खेल मंत्री ने सावन कुमार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!