रिम्स में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 15 एसोसिएट प्रोफेसरों को मिला नियुक्ति पत्र

रांची: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को रिम्स में कई आधुनिक स्वास्थ्य एवं डिजिटल सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट, सेंट्रल लैब, बीएसएनएल प्रबंधित हाई-स्पीड वाई-फाई एवं सीसीटीवी कमांड एंड कंट्रोल रूम, ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी (OMFS) ऑपरेशन थिएटर एवं वार्ड, सी-डैक ऑनलाइन भुगतान पोर्टल, ‘स्कैन एंड पे’ सुविधा, डेंटल इंस्टीट्यूट तथा ई-सुश्रुत (HMIS) का उद्घाटन किया। इस दौरान 15 नव-नियुक्त एसोसिएट प्रोफेसरों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स को देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लगभग 10 वर्षों से रुकी नियुक्तियों को फिर से गति दी गई है और जल्द ही 94 सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर फैकल्टी से चिकित्सा शिक्षा और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक और पारदर्शिता को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बनने वाला RIMS-2 एशिया के सबसे बड़े और आधुनिक अस्पतालों में शामिल होगा, जिससे झारखंड के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार रिम्स में आधुनिक चिकित्सा उपकरण, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और मानव संसाधन के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं रिम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) डी.के. सिन्हा ने कहा कि नई नियुक्तियां, 250 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार संस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, रिम्स के चिकित्सक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

