ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

*‘दक्ष’ वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2022-23* का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निदेश

त्रिलोकी नाथ प्रसाद – *जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह* की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में *‘दक्ष’ वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2022-23* के आयोजन हेतु जिला-स्तरीय आयोजन समिति की बैठक हुई। इसका आयोजन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में किया जा रहा है। इस वर्ष 27 खेल विधाओं की प्रतियोगिता का आयोजन प्रखण्ड, जिला, अन्तर्जिला (प्रमंडल-स्तर) तथा अन्तर्प्रमंडल (राज्य-स्तर) पर किया जा रहा है। ये सभी खेल विधा भारतीय ओलम्पिक समिति, खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त भारतीय खेल संघों के द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में शामिल है।

27 खेल विधाओं का नाम निम्नवत् हैः- एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिन्टन, कुश्ती, क्रिकेट, भारोतोलन, ताईक्वाण्डो, वुशू, जुडो, कराटे, तलवारबाजी, तीरंदाजी, लॉन टेनिस, टेबुल टेनिस, तैराकी, शतरंज, बॉल बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, हैण्डबॉल, बास्केटबॉल, रग्बी, शूटिंग एवं योगा। इसमें सात *अनिवार्य खेल विधा* हैः- एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिन्टन एवं कुश्ती। *हर प्रखण्ड में इन सात विधाओं में प्रतियोगिता का आयोजन कराना अनिवार्य है।*

इन 27 खेलों में अंडर 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका भाग ले सकते हैं। आयु की गणना दिनांक 31.12.2022 के आधार पर की जाएगी। छात्र एवं छात्रा वर्ग छः एवं इससे ऊपर में अध्ययनरत होना चाहिए। जन्म प्रमाण-पत्र के लिए नगर निगम/विद्यालय के प्राचार्य/आधार कार्ड में अंकित जन्म तिथि को मान्यता दी जाएगी। प्रखण्ड-स्तरीय चयन समिति द्वारा चयनित खिलाड़ियों का चिकित्सीय जाँच आवश्यक है।

प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आज सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की बैठक भी की गई। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विश्वान के माध्यम से जुड़े हुए थे।

प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु 08 दिसम्बर से 14 दिसम्बर, 2022 तक की तिथि निर्धारित है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रखण्ड-स्तरीय खेल होना है। डीएम डॉ. सिंह ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को इनमें से किसी तीन दिन में अचूक रूप से चिन्ह्ति स्थलों पर प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विद्यालय खेल की विधाएँ विभिन्न स्थल पर एक साथ आयोजित की जाएंगी।

डीएम डॉ. सिंह ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को दिनांक 06.12.2022 को प्रखण्ड-स्तरीय आयोजन समिति की बैठक सुनिश्चित करने का निदेश दिया। प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी *सभी* सरकारी विद्यालयों/सीबीएसई एवं आईसीएसई से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को सूचित करेंगे ताकि खेल प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों की अनिवार्य प्रतिभागिता सुनिश्चित की जा सके। केन्द्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन के छात्र-छात्रा विद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे। प्रतिभागियों को विहित प्रपत्र में योग्यता प्रमाण-पत्र विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा अग्रसारण पत्र के साथ प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में जमा करना होगा। प्रखण्ड-स्तरीय प्रतियोगिता हेतु कम-से-कम पाँच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य है।

*दक्ष जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता* का आयोजन 02 जनवरी, 2023 से 05 जनवरी, 2023 तक किया जाएगा। तिथि का निर्धारण नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 को ध्यान में रखते हुए किया गया है। जिला-स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन पाटलिपुत्रा खेल परिसर, कंकड़बाग, पटना, मोईनुलहक स्टेडियम, बीपी सिन्हा राजकीय शारीरिक शिक्षण महाविद्यालय, राजेन्द्रनगर, पटना, राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर आदि स्थलों पर किया जाएगा।

डीएम डॉ. सिंह द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि प्रखण्ड-स्तरीय चयनित खिलाड़ियों/टीम की सूची प्रतिहस्ताक्षरित कर निबंधन हेतु जिला खेल कार्यालय, पटना को ससमय उपलब्ध कराएंगे।

डीएम डॉ. सिंह ने मेडल, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, प्रतियोगिता स्थल पर शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था के साथ ही जीवन रक्षक दवाओं सहित प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ पेन स्प्रे, आईस क्यूब, आईस बॉक्स आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

डीएम डॉ. सिंह ने सभी पदाधिकारियों को दक्ष विद्यालय खेल प्रतियोगिता के आयोजन में नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 हेतु निर्धारित आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया है।

डीएम डॉ. सिंह द्वारा जिला खेल पदाधिकारी को विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रखण्ड-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता तथा जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त, पटना श्री तनय सुल्तानिया, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अमित कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री ओम प्रकाश एवं अन्य भी उपस्थित थे।

डीपीआरओ, पटना

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button