ब्रेकिंग न्यूज़

*बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय ने चार वर्षों में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित की नई पहचान : मंत्री शीला कुमारी*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना, बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना का चतुर्थ स्थापना दिवस समारोह आज गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की माननीया मंत्री श्रीमती शीला कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेश कान्त वर्मा ने की। इस अवसर पर विभाग के सचिव श्री हिमांशु शर्मा, भा.प्र.से., वरीय अधिकारगण , विभागीय पदाधिकारी, शिक्षकगण, अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रो. राजीव मिश्रा, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना द्वारा “ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विषय” पर एक विशेष व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया।

अपने संबोधन में माननीया मंत्री ने कहा कि बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय ने मात्र चार वर्षों में तकनीकी शिक्षा, समयबद्ध परीक्षा प्रणाली, डिजिटल प्रशासन, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय आने वाले समय में देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

माननीया मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण हेतु ₹66.92 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा इसका लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने विश्वविद्यालय में एम.टेक. तथा पाँच प्रमुख अभियंत्रण शाखाओं में पीएच.डी. कार्यक्रम प्रारंभ किए जाने को तकनीकी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) भविष्य की तकनीक है और बिहार सरकार युवाओं को विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, उद्योगों से बेहतर जुड़ाव तथा स्टार्टअप एवं नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

अंत में माननीया मंत्री ने विश्वविद्यालय परिवार को चतुर्थ स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए ज्ञान, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के माध्यम से विकसित बिहार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button