मूलभूत सुविधा प्रदान करने के संबंध में भवन निर्माण विभाग, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई ।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने आज़ अपने कार्यालय कक्ष में 3 बजे अप. में वीरचन्द पटेल पथ, पटना स्थित नवनिर्मित माननीय सदस्यगण के आवासीय परिसर हेतु स्पोर्ट क्लब एवं अन्य व्यवस्था पर मूलभूत सुविधा प्रदान करने के संबंध में भवन निर्माण विभाग, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई ।
इस बैठक में माननीय अध्यक्ष महोदय ने माननीय सदस्यों हेतु निर्माण किए जा रहे स्पोर्ट्स क्लब की समीक्षा की । मुख्य वास्तुविद, भवन निर्माण विभाग द्वारा यह बताया गया कि इस स्पोर्ट्स क्लब में तीन बैडमिंटन कॉर्ट, टेबल टेनिस, पैडल बॉल, पिकल बॉल, योगा और मेडिटेशन सेंटर सहित जिम की सुविधाएं होंगी । इसके अतिरिक्त एक लाऊँज का भी निर्माण किया जाएगा जिसमे बिलियर्ड्स टेबल भी लगाया जाएगा । माननीय अध्यक्ष महोदय ने उक्त प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान की । तत्पश्चात खेल विभाग के सचिव ने सुझाव दिया कि 40 वर्ष से ऊपर के माननीय सदस्यों के लिए पिलाटेस लगाना श्रेयस्कर प्रतीत होता है,क्यूँकि ज़्यादा उम्र के माननीय सदस्यों के लिए फिटनेस ज़्यादा महत्वपूर्ण है । माननीय अध्यक्ष महोदय ने इस सुझाव को अपनी स्वीकृति प्रदान करने के साथ माननीय सदस्यों के परिवार एवं बच्चों के लिए भी खेल की मूलभूत सुविधाएं विधायक आवास परिसर में उपलब्ध कराने का निदेश दिया ।
इस बैठक में सचिव खेल विभाग, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, महानिदेशक , बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, मुख्य वास्तुविद, भवन निर्माण विभाग सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे ।


