अररिया : अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त
चांदनी चौक से कोसी पुल तक सर्विस लेन में अलग-अलग दोपहिया व चारपहिया पार्किंग की बनेगी व्यवस्था

अररिया, 19 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, शहर में बढ़ती जाम की समस्या और सड़कों पर बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने को लेकर जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर परिषद के मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि, उप मुख्य पार्षद, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया तथा वार्ड संख्या-25 के वार्ड पार्षद सहित संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में चांदनी चौक से कोसी पुल तक सर्विस लेन में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी। इसके तहत सर्विस लेन के एक तरफ दोपहिया और दूसरी तरफ चारपहिया वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों के अनियमित ठहराव पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
वहीं, सुभाष चौक से चांदनी चौक तक मुख्य सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। निर्धारित पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर वाहनों को उन्हीं स्थानों पर पार्क कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं नगर निकाय के प्रतिनिधियों को पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रूप से चिह्नित करने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जनहित में की जा रही है। इससे शहर में यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आमजनों से प्रशासन का सहयोग करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की।



