किशनगंज के 1.40 लाख पेंशन लाभुकों के खाते में पहुंची 16.26 करोड़ की राशि
डीबीटी से जुलाई की पेंशन जारी, हर माह 10 तारीख को राशि भेजने की पहल

किशनगंज, 10 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1,40,367 लाभुकों के बैंक खातों में सोमवार को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई। जिले के लाभुकों के खातों में जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में कुल 16 करोड़ 25 लाख 99 हजार 500 रुपये भेजे गए। प्रत्येक लाभुक को 1100 रुपये की दर से पेंशन राशि दी गई।
राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। किशनगंज में मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में हुआ। कार्यक्रम में जिले के संबंधित पदाधिकारी, कर्मी और पेंशन लाभुक मौजूद रहे।
बताया गया कि राज्य में वर्तमान में छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं। इनके माध्यम से वृद्धजन, विधवा, दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राज्यभर में 1,01,32,888 लाभुकों के खातों में जुलाई माह की पेंशन के रूप में कुल 11 अरब 57 करोड़ 71 लाख 84 हजार 700 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए।
कार्यक्रम की शुरुआत वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्रीति कुमारी ने की। उन्होंने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने इसे वृद्धजनों और अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहयोग करती हैं।
इस दौरान लाभुकों ने पेंशन राशि मिलने पर खुशी जताते हुए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने लाभुकों से जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग जल्द कराने की अपील की, ताकि पेंशन का भुगतान समय पर हो सके। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।



