मंडल कारा किशनगंज में दो घंटे तक छापेमारी, कुख्यात अपराधियों से पूछताछ
छह टीमों ने की संयुक्त कार्रवाई, खैनी व संदिग्ध सामग्री बरामद

किशनगंज,17अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जेल के अंदर आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में मंडल कारा किशनगंज में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान छह टीमों का गठन कर लगभग दो घंटे तक संयुक्त कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान मंडल कारा के सभी कैदी वार्डों की सघन तलाशी ली गई। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा न्यायिक हिरासत में बंद जिले के कई कुख्यात अपराधियों एवं तस्करों से घंटों पूछताछ की गई तथा जेल के अंदर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई।
तलाशी अभियान के दौरान खैनी, धारदार पत्थर, कड़ा, कांटी, पाइप क्लिप, लाइटर, कागज पर लिखे मोबाइल नंबर तथा कुछ नकद राशि बरामद की गई। बरामद सामान को लेकर कैदियों को सख्त चेतावनी दी गई। हालांकि तलाशी में कोई बड़ा आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
इस विशेष छापेमारी अभियान में अपर समाहर्ता, किशनगंज, अनुमंडल पदाधिकारी किशनगंज, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अधीक्षक मंडल कारा के अलावा अशोक कुमार पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, रविशंकर कुमार पुलिस उपाधीक्षक, साइबर, राजेश कुमार सिंह पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, बिरजू पासवान पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित सहित सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी एवं बल शामिल रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मंडल कारा में बंद अपराधियों के विरुद्ध औचक निरीक्षण एवं छापेमारी आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



