Uncategorizedराँचीराजनीति

नाबालिग आदिवासी किशोरी से यौन शोषण के आरोपों पर घिरे कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा, गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा ने उठाए सवाल

राज्यपाल से मिलकर भाजपा एसटी मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन, मामले की निष्पक्ष जांच, पीड़िता की सुरक्षा और विधायक की गिरफ्तारी की मांग की

रांची। झारखंड में महिलाओं और विशेषकर आदिवासी समुदाय की नाबालिग बेटियों के खिलाफ अपराधों को लेकर सियासत तेज हो गई है। सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोपों के मामले में अब भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सवाल उठाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी किशोरी के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर किसके निर्देश पर ले जाया गया और क्या इस दौरान उस पर दबाव बनाने या उसके बयान को प्रभावित करने की कोशिश की गई? भाजपा ने मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने और किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों का मामला भी राज्यपाल के समक्ष उठाया। इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। इसके अलावा, इन घटनाओं को सामने लाने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई की भी समीक्षा करने का आग्रह किया गया।

भाजपा एसटी मोर्चा ने आरोप लगाया कि झारखंड में आदिवासी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक प्रभाव के आधार पर कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से सभी मामलों में स्वतंत्र और सक्षम जांच एजेंसी के माध्यम से समयबद्ध जांच कराने तथा पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया। राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया सहित अन्य लोग शामिल थे।

Related Articles

Back to top button