किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : दीपावली-छठ पर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन पर चला सघन चेकिंग अभियान

रेल डीएसपी प्रियव्रत कुमार के नेतृत्व में रेल पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, ड्रोन से भी की गई निगरानी

किशनगंज, 07 नवंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दीपावली और छठ पर्व के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा तथा नशाखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार की शाम किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। रेल डीएसपी प्रियव्रत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी, आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा, रेल थाना के अवर निरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी ड्रोन कैमरे से भी की गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही रेल पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान यात्रियों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करते दिखे। माइकिंग के माध्यम से भी यात्रियों को सतर्क रहने की अपील की गई।

रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने यात्रियों से कहा कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं, जैसे चाय, पानी और कोल्ड ड्रिंक स्वीकार नहीं करें। अनजान लोगों से अनावश्यक जान-पहचान बढ़ाने और निजी जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने बताया कि नशाखुरानी गिरोह के सदस्य पर्व-त्योहारों के दौरान फर्जी पते पर टिकट आरक्षित कराकर सहयात्रियों से दोस्ती करते हैं और फिर खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर सामान लूटने की कोशिश करते हैं। पुलिस ने यात्रियों से अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें किसी अनजान व्यक्ति के साथ नहीं छोड़ने की अपील की। महिला पुलिसकर्मियों ने महिला यात्रियों को भी विशेष सतर्कता बरतने के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button