**राजस्व कर्मचारियों की जगह विशेष सर्वेक्षण अमीनों की होगी प्रतिनियुक्ति, 5 नवंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया**
हड़ताली राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई, सभी दायित्वों से होंगे मुक्त, डोंगल भी होंगे निष्क्रिय
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना : लगातार हड़ताल पर रहने वाले राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने हड़ताल में शामिल कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से उनके सभी दायित्वों से मुक्त करने और उनके डोंगल को 24 घंटे के भीतर निष्क्रिय करने का निर्देश दिया है। उनके स्थान पर संबंधित अंचलों में विशेष सर्वेक्षण अमीनों की आनुपातिक आधार पर प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
इस संबंध में विभाग के अपर सचिव श्री श्री अमित कुमार पाण्डेय ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में हड़ताली राजस्व कर्मचारियों को उनके सभी कार्यों से मुक्त करने और उनके डोंगल निष्क्रिय करने की कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारियों को 5 नवंबर तक विशेष सर्वेक्षण अमीनों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
हड़ताल में शामिल नहीं होने वाले राजस्व कर्मचारी अपने पदों पर पूर्ववत कार्य करते रहेंगे। वहीं, हड़ताली कर्मचारियों के स्थान पर प्रतिनियुक्त विशेष सर्वेक्षण अमीन उनके दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
**विशेष सर्वेक्षण अमीनों को सात दिनों का ऑनलाइन प्रशिक्षण**
प्रतिनियुक्त विशेष सर्वेक्षण अमीनों को मुख्यालय स्तर से सात दिनों तक ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक कार्यदिवस में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण होगा। इसमें विभागीय सॉफ्टवेयर के संचालन, ऑनलाइन सेवाओं के त्वरित निष्पादन तथा संबंधित अधिनियमों, नियमावलियों और महत्वपूर्ण विभागीय परिपत्रों की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान ये अमीन आधे कार्यदिवस में संबंधित अंचलाधिकारी की निगरानी में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस और राजस्व कर्मचारियों के अन्य दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके लिए उन्हें विभागीय डोंगल उपलब्ध कराया जाएगा। कार्य निष्पादन से संबंधित मार्गदर्शिका भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी।
**6 नवंबर तक जारी होगा जिला स्तरीय आदेश**
प्रशिक्षण के लिए अनुमंडल स्तर पर स्थल निर्धारित किया जाएगा। जिलों के अपर समाहर्त्ता (राजस्व) एक पदाधिकारी को प्रशिक्षण का पर्यवेक्षक नियुक्त करेंगे, जो प्रतिदिन इसकी निगरानी करेंगे। विभाग 5 नवंबर तक सभी जिलों को प्रशिक्षण की विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध करा देगा। जिलाधिकारियों को भी इसी दिन शाम पांच बजे तक प्रशिक्षण संबंधी विस्तृत जिला आदेश जारी कर विभाग को उपलब्ध कराना होगा।
प्रतिनियुक्त विशेष सर्वेक्षण अमीनों का प्रशिक्षण 20 नवंबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारियों को अगले दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर अनुपालन प्रतिवेदन विभाग को भेजने को कहा गया है।

