District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मंडल कारा में अहले सुबह प्रशासन की बड़ी छापेमारी, 170 पुलिसकर्मियों ने खंगाली जेल की बैरकें

सुबह चार बजे डीएम-एसपी के संयुक्त नेतृत्व में चला सघन तलाशी अभियान, चप्पे-चप्पे की हुई जांच, नहीं मिली कोई आपत्तिजनक सामग्री

किशनगंज, 01 नवंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मंडल कारा किशनगंज में रविवार की अहले सुबह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक बड़ी छापेमारी की। जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त नेतृत्व में सुबह करीब चार बजे शुरू हुए इस सघन तलाशी अभियान से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। करीब 170 पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की टीम ने जेल की सभी बैरकों, कैदी वार्डों और परिसर के विभिन्न हिस्सों को खंगाला।अचानक शुरू हुए इस अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी किशनगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 एवं 2, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) समेत प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में जेल के अंदर व्यापक स्तर पर तलाशी ली गई।अभियान के दौरान अधिकारियों की टीम ने सभी कैदी वार्डों और बैरकों की बारीकी से जांच की। जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों को भी खंगाला गया। छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल के भीतर मोबाइल फोन, मादक पदार्थों समेत अन्य प्रतिबंधित एवं अवैध सामग्रियों की संभावित मौजूदगी का पता लगाना और सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।हालांकि, घंटों चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे जेल की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक अनुशासन की नियमित निगरानी का हिस्सा बताया।जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि मंडल कारा की सुरक्षा, बंदियों पर निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई को जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button