किशनगंज : एक करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, पिस्टल व दो मैगजीन भी बरामद
गलगलिया के हाथीडुबा गांव में पुलिस, एएनटीएफ, एसटीएफ व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस, एएनटीएफ किशनगंज, विशेष कार्य बल एवं सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गलगलिया थाना क्षेत्र के हाथीडुबा गांव में छापेमारी कर 455 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल, दो मैगजीन और एक डिजिटल वजन मशीन भी बरामद की गई।
मंगलवार को जारी पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर को एसएसबी 41वीं वाहिनी रानीडांगा को सूचना मिली कि गलगलिया थाना क्षेत्र के हाथीडुबा गांव निवासी मदन मोहन पासवान अपने घर में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 किशनगंज मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ, विशेष कार्य बल, एसएसबी और गलगलिया थाना की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान रामजपो पासवान (57), पिता स्व. राम गुलाम पासवान और उसके पुत्र मदन मोहन पासवान (29), दोनों निवासी हाथीडुबा, थाना गलगलिया, को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 455 ग्राम ब्राउन शुगर, एक पिस्टल, दो मैगजीन और डिजिटल वजन मशीन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की जानकारी दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के साथ बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का भी पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 96/26, दिनांक 28 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(c), 22(c), 25, 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26, 35 के तहत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।



