ताजा खबर

*पितृपक्ष मेला-2026 श्रद्धा, सेवा, स्वच्छता और सुव्यवस्था का बनेगा आदर्श : डॉ. प्रेम कुमार*

*न्यूजीलैंड प्रवास से वर्चुअल माध्यम से पितृपक्ष मेला के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए बिहार विधान सभा अध्यक्ष*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने न्यूजीलैंड प्रवास के दौरान वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से गयाजी पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि गयाजी केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि सनातन आस्था, श्रद्धा और मोक्ष की पवित्र भूमि है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि फल्गु नदी के पावन तट पर भगवान विष्णु के चरणचिह्न, विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट, सीताकुंड, प्रेतशिला, रामशिला सहित अनेक पवित्र स्थलों पर देश-विदेश से श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना से पिंडदान एवं तर्पण करने आते हैं। भारतीय संस्कृति में माता-पिता और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान का विशेष स्थान है। पितृपक्ष हमें अपनी जड़ों, परंपराओं और पूर्वजों को स्मरण करने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, आवासन, घाटों की व्यवस्था तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ किया गया है। रेलवे स्टेशन, प्रमुख वेदियों एवं मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गयाजी के विकास के लिए सड़क, यातायात, जलापूर्ति, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यावरण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गयाजी के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। केंद्र सरकार की हृदय योजना के तहत ब्रह्म सरोवर, वैतरणी, सीताकुंड सहित अन्य वेदियों के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। अब गयाजी के विष्णुपद मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा, “गयाजी के विकास और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में इसके विस्तार के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं तथा बिहार सरकार को भी बधाई देता हूं।”

उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, रेलवे, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, मेला व्यवस्था में लगे सभी कर्मियों एवं स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं तथा गयाजी के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से व्यवहार करें तथा स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गयाजी की धरती पर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से आस्था, शांति और सुखद अनुभव लेकर अपने घर लौटे, यही सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सभी मिलकर पितृपक्ष मेला-2026 को श्रद्धा, सेवा, स्वच्छता और सुव्यवस्था का आदर्श बनाएं तथा गयाजी की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button