किशनगंज : एसपी ने जनसुनवाई में सुनी आम लोगों की शिकायतें, संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

किशनगंज, 25 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर शुक्रवार को पुलिस कार्यालय, किशनगंज में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित लोगों से आवश्यक जानकारी ली।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का पुलिस अधीक्षक ने अवलोकन किया। इसके बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निपटारे में निष्पक्षता और पारदर्शिता का ध्यान रखा जाए तथा मामलों में गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान पुलिस की प्राथमिकता है।किसी भी शिकायत की जांच में सभी संबंधित पक्षों की बातों को ध्यान में रखते हुए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो और आवेदकों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान लोगों ने पुलिस से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। पुलिस अधीक्षक ने आवेदनों को संबंधित पदाधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश के बाद संबंधित थाना और शाखा स्तर के अधिकारियों द्वारा मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद कायम करने की पहल भी हुई।



