किशनगंज : 20.30 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, 17,840 रुपये और मोबाइल बरामद

किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पोठिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 20.30 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के गौरीहाट वार्ड संख्या-08 निवासी मोहम्मद बशीर, पिता स्वर्गीय अब्बास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पोठिया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.30 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा 17,840 रुपये नकद और रियलमी कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है।पुलिस बरामद नकदी को नशीले पदार्थ की बिक्री से संबंधित होने की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।
पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों और उसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था।
नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि जिले में कहीं भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



