किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : जिलेभर में चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की नजर

किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गुरुवार सुबह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सड़क पर आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजातों की जांच की। वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट समेत वाहन की वैधता से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।पुलिस टीमों ने बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और सीमावर्ती मार्गों पर विशेष निगरानी रखी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों पर भी नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि वाहन जांच का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के साथ-साथ अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना भी है। सीमावर्ती जिला होने के कारण प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में वाहनों की जांच को विशेष महत्व दिया जा रहा है।पुलिस के अनुसार जिले में लगातार गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना स्तर पर भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने आम लोगों से भी पुलिस जांच में सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button