किशनगंज : बीमारी की पहचान में जिले ने बढ़ाई रफ्तार, 1.93 लाख लोगों की हुई स्क्रीनिंग
जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान में 2.64 लाख के लक्ष्य के विरुद्ध 73 फीसदी उपलब्धि, एनसीडीओ डॉ. उर्मिला कुमारी कर रहीं लगातार निरीक्षण

किशनगंज, 21 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार को लेकर चलाया जा रहा ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत 2 लाख 64 हजार लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 1 लाख 93 हजार 600 लोगों की जांच पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 73 प्रतिशत है। अब लगभग 70 हजार 400 लोगों की स्क्रीनिंग शेष है।
अभियान के तहत 30 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग और कैंसर सहित अन्य गैर-संचारी रोगों के जोखिम की पहचान की जा रही है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर और समुदाय स्तर पर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। जांच के दौरान बीमारी या जोखिम के संकेत मिलने पर संबंधित व्यक्ति को आगे की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जा रहा है।
अभियान की निगरानी के लिए जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी लगातार विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और अभियान से जुड़ी गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान स्क्रीनिंग की प्रगति, स्वास्थ्यकर्मियों की गतिविधियों तथा चिन्हित मरीजों को उपचार और फॉलोअप से जोड़ने की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का जोर केवल स्क्रीनिंग का आंकड़ा बढ़ाने पर नहीं, बल्कि जांच में बीमारी अथवा जोखिम की पहचान होने के बाद मरीज को नियमित उपचार और फॉलोअप से जोड़ने पर भी है। जरूरत के अनुसार मरीजों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र, पीएचसी, सीएचसी या जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने लोगों से अपील की है कि स्वास्थ्यकर्मी जांच के लिए घर या समुदाय तक पहुंचें तो उनका सहयोग करें। उन्होंने बिना लक्षण के भी नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के गंभीर होने से पहले उसकी पहचान करने पर जोर दिया है।



