ठाकुरगंज : नया प्राथमिक विद्यालय डुमरिया पश्चिम टोला में शौचालय अधूरा, शिक्षक-छात्र परेशान
आज के इस युग में भी स्कूल में शौचालय नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण

किशनगंज, 11 सितंबर (के.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत डुमरिया पंचायत के नया प्राथमिक विद्यालय डुमरिया पश्चिम टोला में शौचालय की व्यवस्था अब तक पूरी नहीं होने से शिक्षक और छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और विद्यालय से जुड़े लोगों के अनुसार, शौचालय निर्माण का कार्य वर्ष कथित 2024 में शुरू हुआ था, लेकिन वर्ष 2026 तक भी यह पूरी तरह तैयार नहीं हो सका है।
विद्यालय के शिक्षक राधेश्याम ने बताया कि उनकी नियुक्ति उक्त विद्यालय में वर्ष 2025 में हुई थी। उनके अनुसार, नियुक्ति के समय से लेकर वर्ष 2026 अब तक शौचालय का कार्य अधूरा ही है। आधे-अधूरे निर्माण के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों को दैनिक जरूरतों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत का एक अन्य गंभीर पहलू विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण नहीं होना भी बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्य अब तक पूरे क्यों नहीं किए गए।
लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की स्थल जांच कराकर अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा विद्यालय में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग उठ रही है कि निर्माण कार्य में देरी के लिए जिम्मेदार कौन है और अब तक इस दिशा में क्या कार्रवाई की गई।
इस संबंध में पूछे जाने पर ठाकुरगंज प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी अवधेश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी से बात हुई है और उन्होंने लिखित रिपोर्ट मांगी है अब विद्यालय का निरीक्षण कर इस संबंध में लिखित रिपोर्ट पदाधिकारी को सौंप जाएगी। हालांकि ऑफ कैमरा विद्यालय के प्रधान अध्यापक रागिब हसनैन ने बताया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया गया है जिसका पत्रांक 03 दिनांक 22.05.2025 है।


