*बिहार के कलाकारों को नियमित मंच उपलब्ध कराना और उभरती सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना विभाग की प्राथमिकता : डॉ. प्रमोद कुमार

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/* कला एवं संस्कृति मंत्री की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं को अवसर देने सहित विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
पटना, 28 अक्टूबर 2026। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में आज विभागीय कार्यों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य राज्य के विभिन्न जिलों में सक्रिय कलाकारों को समय-समय पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों एवं उभरती प्रतिभाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अवसर देने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि उनकी कला को पहचान मिले और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्राप्त हो।
बैठक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में बिहार की भागीदारी, छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा राज्य की लोककला, लोकसंगीत, नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक विधाओं को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उद्देश्य यह है कि बिहार की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाए तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि “बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है। राज्य के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए नियमित रूप से मंच उपलब्ध कराना तथा नई पीढ़ी की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना हमारी प्राथमिकता है। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं को भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अवसर देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि उनकी प्रतिभा को उचित पहचान मिल सके। राष्ट्रीय युवा महोत्सव और छठ महापर्व जैसे अवसरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बिहार की लोककला, लोकसंगीत, नृत्य और पारंपरिक विधाओं को व्यापक पहचान दिलाई जाएगी। हमारा प्रयास है कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन हो और हमारी कला-परंपराएं नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचें।”
बैठक में विभागीय सचिव श्री प्रणव कुमार, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी, पुरातात्विक निदेशालय के निदेशक श्री कृष्ण कुमार, संयुक्त सचिव श्री महमूद आलम सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


