अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बहादुरगंज में ट्रक रोककर 450 डब्बा सोयाबीन तेल लूटा, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

किशनगंज, 10 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा ईंट भट्ठा के पास ट्रक से सोयाबीन तेल लूट की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बुधवार रात को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ की। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मामले का शीघ्र उद्भेदन करने, घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

एसडीपीओ किशनगंज के नेतृत्व में लूटकांड के उद्भेदन के लिए विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। टीम को सभी बिंदुओं पर तेजी से अनुसंधान कर अपराधियों तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान अंचल पुलिस निरीक्षक, बहादुरगंज थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 2:15 बजे ट्रक संख्या WB61B6566 जोगबनी से गुवाहाटी जा रहा था। ट्रक में सोयाबीन तेल के करीब 1500 डब्बे लदे थे। अज्ञात अपराधियों ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर ट्रक को रोककर चालक और खलासी को बंधक बना लिया। इसके बाद ट्रक को नटुआपाड़ा स्थित ईंट भट्ठा के पास ले जाकर उसमें लदे करीब 450 डब्बे सोयाबीन तेल दूसरे ट्रक में लोड कर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने पर बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू किया। पुलिस अपराधियों की पहचान और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर जिला पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button