सहरसा : ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी’ थीम पर राष्ट्रीय पोषण माह शुरू
09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पोषण और बाल विकास को लेकर होगी विभिन्न गतिविधियां

सहरसा, 09 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले में 09वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी’ रखी गई है। अभियान 09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक चलेगा। शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुईं।
इस अवसर पर आयोजित लाइव वेबकास्ट कार्यक्रम में सहरसा से उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, नगर आयुक्त, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के साथ समुदाय में पोषण को लेकर जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पोषण और आहार विविधता पर रहेगा जोर
अभियान के दौरान परिवारों को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा बच्चों एवं गर्भवती-धात्री महिलाओं के लिए पर्याप्त प्रोटीन युक्त आहार पर विशेष जोर रहेगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले पूरक पोषाहार की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता की निगरानी की जाएगी। ताजा एवं गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने के साथ सामुदायिक निगरानी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बाल विकास और मातृ स्वास्थ्य पर भी फोकस
पोषण माह के दौरान बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं संज्ञानात्मक विकास के लिए उचित पोषण के साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, आयु-उपयुक्त खेल और गतिविधियों के महत्व के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। वहीं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिलने वाली सहायता तथा मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, जीविका सहित अन्य विभागों के समन्वय से जिले में जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने और ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेवारी’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया है।



