*छठ महापर्व के बाद गंगा घाटों पर चला मेगा सफाई अभियान*
*जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने दीघा घाट पर सफाई अभियान में लिया भाग; घाटों की की जा रही डीप क्लीनिंग*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/छठ महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन के बाद गंगा घाटों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा मेगा सफाई अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत गंगा किनारे स्थित सभी 21 सेक्टरों में सेक्टर पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के नेतृत्व में नगर निगम की टीम द्वारा घाटों की डीप क्लीनिंग (गहन सफाई) कराई जा रही है। इस मेगा सफाई अभियान मैं
पाटलिपुत्र,बांकीपुर,पटना सिटी, अजीमाबाद एवं नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत कुल मिलाकर 350 सफाई कर्मियों ने जेसीबी, हाईवा,क्लोज ट्रिपर एवं स्प्रिंकलर जैसे मशीनों की मदद से छठ घाटों की सफाई की.
अभियान के तहत छठ पूजा के बाद घाटों पर फैले कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री का संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों की साफ-सफाई, ड्रेसिंग एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि गंगा घाट पुनः स्वच्छ एवं आकर्षक स्वरूप में आ सकें।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने दीघा घाट पर पहुंचकर मेगा सफाई अभियान में भाग लिया तथा सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि सफाई अभियान पूरी तत्परता एवं निरंतरता के साथ चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर निर्देश दिया कि गंगा घाटों पर नदी के अंदर की गई बैरिकेडिंग को यथावत रखा जाए तथा उसे और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई जारी रखी जाए, जिससे गंगा नदी और उसके तट स्वच्छ एवं सुंदर बने रहें।
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने बताया कि दानापुर से पटना सिटी तक गंगा किनारे स्थित सभी घाटों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त जिन पोखरों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों में छठ पूजा आयोजित की गई थी, वहां भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कूड़ा-कचरा के संग्रहण एवं समुचित निस्तारण के लिए नगर निगम की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं।
जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने आम नागरिकों से अपील की कि वे नदियों, पोखरों एवं अन्य जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा अथवा पूजन सामग्री न फेंकें। कचरे को निर्धारित स्थलों पर ही डालें तथा जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गंगा एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जनभागीदारी से ही इसे स्थायी रूप से बनाए रखा जा सकता है

