District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : समय पर जांच और उपचार से सुरक्षित मातृत्व की मजबूत हो रही नींव

पीएमएसएमए के तहत 500 से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच

किशनगंज, 09 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 500 से अधिक गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

सदर अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच हुई। इस दौरान महिलाओं को नियमित प्रसवपूर्व जांच, संतुलित आहार तथा आयरन-फोलिक एसिड के सेवन के प्रति जागरूक किया गया। गंभीर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं पर विशेष निगरानी रखी गई।

कोचाधामन में गंभीर एनीमिया का इलाज

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोचाधामन में जांच के दौरान जिन गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन 8 ग्राम से कम पाया गया, उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कर आवश्यक उपचार दिया गया। गंभीर एनीमिया से पीड़ित पात्र महिलाओं को एफसीएम 500 मिलीग्राम इंजेक्शन भी दिया गया। समय पर उपचार मिलने से मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना की।

बहादुरगंज में सेवाओं का निरीक्षण

पीएमएसएमए के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण डीडीए सुमन सिन्हा ने किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को मिल रही जांच, दवा और चिकित्सकीय परामर्श सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्यकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व के लिए गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और जोखिम की समय पर पहचान जरूरी है। उन्होंने चिन्हित उच्च जोखिम वाली महिलाओं का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जांच के साथ स्वास्थ्य समस्याओं का समय पर उपचार और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करना है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button