District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : स्टार्टअप सेल का डीएम ने किया निरीक्षण, युवा उद्यमियों ने पेश किए नए बिजनेस आइडिया

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने स्टार्टअप सेल का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित विशेष सत्र में स्थानीय युवाओं और छात्र उद्यमियों ने अपने अभिनव बिजनेस आइडिया और प्रोजेक्ट डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए। डीएम ने प्रोजेक्ट्स की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं को समझते हुए युवाओं को जरूरी मार्गदर्शन दिया।सत्र में तकनीक, कृषि, सेवा और निर्माण क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी गई। डीएम ने युवाओं से उनके उत्पादों की बाजार उपयोगिता, उत्पादन क्षमता, स्केलेबिलिटी और वित्तीय प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। बिहार स्टार्टअप नीति के तहत पूर्व में सीड फंड प्राप्त कर चुके उद्यमियों के प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रोटोटाइप विकास, उत्पादन की स्थिति, बाजार में मांग और भविष्य की कार्ययोजना का जायजा लिया।डीएम ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने नवाचार को व्यवसाय का रूप देने और रोजगार सृजन में भागीदार बनने की अपील की।

स्टार्टअप नीति में कई सुविधाएं

बिहार स्टार्टअप नीति के तहत चयनित स्टार्टअप को 10 वर्षों के लिए 25 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त सीड फंड उपलब्ध कराया जाता है। महिला उद्यमियों को पांच प्रतिशत तथा एससी-एसटी और दिव्यांग उद्यमियों को 15 प्रतिशत अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन का प्रावधान है। उत्पाद सुधार और कौशल विकास के लिए तीन लाख रुपये तक का एक्सीलरेशन ग्रांट भी दिया जाता है।

इसके अलावा सेबी पंजीकृत एंजेल निवेशकों से फंडिंग प्राप्त करने वाले स्टार्टअप को 50 लाख रुपये तक का मैचिंग लोन, इनक्यूबेशन सेंटर में मुफ्त को-वर्किंग स्पेस और पेटेंट फाइलिंग में वित्तीय सहायता की सुविधा है। सरकारी टेंडरों में भी स्थानीय स्टार्टअप को प्राथमिकता और ईएमडी में छूट का प्रावधान है।मौके पर स्टार्टअप सेल, जिला उद्योग केंद्र और जीईसी किशनगंज के अधिकारी, प्राचार्य प्रो. डॉ. भगवान श्री राम, सचिन कुमार, प्रो. देवानंद पटेल, मो. माहिन रजा सहित अन्य पदाधिकारी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button