किशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मुख्यमंत्री उद्यमी योजना में पैसे मांगने का आरोप, उद्योग विस्तार पदाधिकारी के खिलाफ जांच के निर्देश

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों से उपयोगिता प्रमाण पत्र की जांच रिपोर्ट समर्पित करने के एवज में कथित रूप से अवैध राशि मांगने का मामला सामने आया है। मामले में किशनगंज जिला उद्योग केन्द्र के उद्योग विस्तार पदाधिकारी गोविन्द झा के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। आरोपों के समर्थन में लाभार्थियों से पैसे की मांग किए जाने की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है।

इस संबंध में पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने मुख्यमंत्री को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने का अनुरोध किया था। शिकायत में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के वर्ष 2024-25 में चयनित लाभार्थियों की ओर से प्राप्त आवेदनों को भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने उद्योग विस्तार पदाधिकारी पर लगे आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रतर कार्रवाई के लिए उद्योग विभाग के सचिव को पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष कार्य पदाधिकारी इन्द्रवीर कुमार की ओर से 14 जुलाई 2026 को जारी पत्र में पूर्व विधायक मुजाहिद आलम के मुख्यमंत्री को संबोधित ई-मेल से प्राप्त पत्र का हवाला दिया गया है।

पत्र में उद्योग विभाग के सचिव से प्रासंगिक पत्रों में दिए गए निर्देश के अनुसार मामले की छानबीन कराने, नियमानुसार समुचित निर्णय लेने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी पूर्व विधायक मुजाहिद आलम और मुख्यमंत्री सचिवालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

मंगलवार को पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने बताया कि उन्होंने गोविन्द झा के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। अब मुख्यमंत्री सचिवालय पटना से उन्हें स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें बताया गया है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए सचिव, उद्योग विभाग, बिहार सरकार को अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

अब उद्योग विभाग की ओर से होने वाली जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button