District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : एसपी ने किया ‘पुलिस दीदी’ योजना का शुभारंभ, महिला सुरक्षा को मिलेगा नया बल

दो दर्जन महिला पुलिसकर्मियों को मिली अत्याधुनिक स्कूटी, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग व बाजारों में करेंगी गश्त

किशनगंज, 28 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महिला सुरक्षा को मजबूत करने और महिलाओं एवं युवतियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को ‘पुलिस दीदी’ पहल की शुरुआत की। पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल के तहत करीब दो दर्जन महिला पुलिसकर्मियों को अत्याधुनिक स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। महिला पुलिसकर्मी अब शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से गश्त कर महिलाओं से जुड़े संवेदनशील इलाकों पर नजर रखेंगी।

शुभारंभ के दौरान एसपी संतोष कुमार ने बताया कि ‘पुलिस दीदी’ की टीम शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले हॉटस्पॉट पर नियमित गश्त करेगी। ऐसे स्थानों को संबंधित थानाध्यक्षों के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार, मेला एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों और मनचलों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

कोचिंग व स्कूल प्रबंधन से बनाएंगी समन्वय

एसपी ने बताया कि ‘पुलिस दीदी’ टीम की जिम्मेदारी केवल गश्त तक सीमित नहीं रहेगी। महिला पुलिसकर्मियों को स्कूलों के प्रतिनिधियों एवं कोचिंग संस्थानों के संचालकों से नियमित संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इससे शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

महिला पुलिसकर्मियों को समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से उनकी कार्यकुशलता, संवाद क्षमता और आम लोगों से बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता को विकसित किया जाएगा।

शहरी क्षेत्रों में ‘पुलिस दीदी’ टीम का संचालन महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी के नेतृत्व में किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से महिलाओं और युवतियों को आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है।

रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की गई इस पहल को महिला सुरक्षा की दिशा में किशनगंज पुलिस का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button