अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : दुष्कर्म मामले में फरार लल्लू मुखिया के घर पुलिस की छापेमारी, कुर्की-जब्ती की तैयारी

आरोपी की तलाश में लगातार दबिश, एसपी संतोष कुमार ने कहा-कानून से ऊपर कोई नहीं

किशनगंज, 28 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पौआखाली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। ठाकुरगंज प्रखंड के पौआखाली नगर पंचायत क्षेत्र में एसडीपीओ-2 ठाकुरगंज मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण, थाना के पदाधिकारियों एवं पुलिस बल ने आरोपी के यहां दबिश दी।

एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

मामले को लेकर किशनगंज के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के निर्देश के अनुसार उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार प्रयासरत हैं।तकनीकी निगरानी के साथ अन्य स्रोतों से भी आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया कि कानून से बचने के लिए फरार रहने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होता है या गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करता है, तो न्यायालय से प्राप्त निर्देश के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, इस प्रक्रिया में आरोपी के घर की कुर्की-जब्ती सहित अन्य वैधानिक कदम शामिल हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार सक्रिय है और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी अभियान जारी है।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। पुलिस प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष एवं कानूनसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button