*सचिव के निर्देश पर विभाग के पदाधिकारियों ने किया 7,052 जलापूर्ति योजनाओं का निरीक्षण*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार के सचिव श्री बी. कार्तिकेय के निर्देशानुसार विभाग की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सचिव ने मुख्यालय के सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह कम-से-कम एक दिन क्षेत्र में जाकर जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण करने तथा इसकी रिपोर्ट सचिव को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
सचिव के निर्देश के अनुपालन में मुख्यालय और फील्ड के पदाधिकारियों द्वारा अब तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 7,052 जलापूर्ति योजनाओं का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान 7,023 योजनाएं चालू पाई गईं, जबकि 29 योजनाएं बंद पाई गईं।
बंद पाई गई योजनाओं को लेकर विभागीय सचिव श्री बी. कार्तिकेय ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंद योजनाओं में उत्पन्न समस्या की तत्काल पहचान कर उसका शीघ्र समाधान करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था अविलंब चालू कराई जाए, ताकि आम लोगों को पेयजल के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी, स्थल निरीक्षण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि हर घर तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए फील्ड स्तर पर निरंतर अनुश्रवण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

