किशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : TRE-4 में फारसी और अरबी के शिक्षकों की होगी बहाली

PGT में फारसी की 36 और अरबी की 20 सीटें आवंटित, पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने जताया आभार

किशनगंज, 27 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 में उच्च माध्यमिक (PGT) वर्ग 11वीं एवं 12वीं के लिए फारसी और अरबी विषय के शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा विभाग की ओर से TRE-4 के तहत फारसी के 36 और अरबी विषय के लिए 20 सीटें आवंटित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे इन दोनों विषयों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है।

बताया गया कि TRE-4 की प्रारंभिक शिक्षक बहाली प्रक्रिया में PGT (वर्ग 11वीं-12वीं) के लिए फारसी, अरबी समेत भोजपुरी, मगही, पाली, प्राकृत और बंगाली जैसे विषयों को शामिल नहीं किया गया था। इस मुद्दे को लेकर मौलाना तनवीरुल कादरी के आग्रह पर कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र संख्या 70/2026, दिनांक 4 अगस्त 2026 के माध्यम से इन विषयों को शिक्षक भर्ती में शामिल करने की मांग की थी।

पूर्व विधायक ने इस संबंध में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को भी पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी।

मुख्यमंत्री सचिवालय ने पूर्व विधायक के पत्र पर संज्ञान लेते हुए पत्रांक 5541933, दिनांक 20 अगस्त 2026 के माध्यम से शिक्षा विभाग के सचिव को मामले में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार TRE-4 के अंतर्गत PGT वर्ग 11वीं एवं 12वीं में फारसी के 36 तथा अरबी के 20 पद आवंटित किए गए हैं।

पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन विषयों को शिक्षक भर्ती में शामिल किए जाने से संबंधित अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा और विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button