प्रमुख खबरें

*पीएम सूर्यघर : मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का डी एम का निर्देश*

*बी पी एल श्रेणी के 5585 परिवारों के घरों की छत पर नि:शुल्क तथा 28,000 गैर-बी पी एल परिवारों के लिए सब्सिडी आधारित सोलर पैनल 30 अक्टूबर तक लगाने का लक्ष्य*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।जिलाधिकारी  कुन्दन कुमार ने पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोलर पैनल स्थापना के कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि पटना जिला में 30 अक्टूबर तक 5,585 बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर निःशुल्क सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध अब तक 1375 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष परिवारों को भी शीघ्र आच्छादित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

*गैर बी पी एल परिवारों के लिए राज्य सरकार द्वारा बढ़ाई गयी सब्सिडी की राशि*

गैर-बीपीएल परिवारों के लिए भी पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गैर-बीपीएल लाभार्थियों को सोलर पैनल लगाने पर ₹10,000 प्रति किलोवाट तथा अधिकतम ₹20,000 प्रति लाभार्थी की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी दी जा रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी को मिलाकर 1 किलोवाट पर ₹40,000, 2 किलोवाट पर ₹80,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर अधिकतम ₹98,000 तक की सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा। यह लाभ पटना जिला के पात्र लाभार्थियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।

योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के इच्छुक गैर-बीपीएल परिवारों के लिए ऋण सुविधा का भी प्रावधान है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि इच्छुक एवं पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण की सुविधा उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक परिवार अपने घरों पर सोलर पैनल स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ-साथ हरित ऊर्जा को बढ़ावा एवं पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। बैंकों को योजना के इच्छुक लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

*28,000 गैर बी पी एल परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य*
पटना जिला में 30 अक्टूबर तक 28,000 गैर-बीपीएल परिवारों के घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 10,300 से अधिक गैर-बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन 30 से अधिक सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को इसमें और तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सोलर स्ट्रक्चर एवं सोलर पैनल की सप्लाई चेन को मजबूत रखा जाए, ताकि सामग्री की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा न हो और निर्धारित समय-सीमा में अधिक से अधिक लाभार्थियों के घरों पर सोलर पैनल स्थापित किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गति के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button