किशनगंज : विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

किशनगंज, 22 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में किशनगंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विशेष टीम ने कटिहार पुलिस के सहयोग से आरोपी को कदवा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद शाहिद उर्फ बाबुवा भाई उर्फ बबुआ के खिलाफ कटिहार और पूर्णिया जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, विधायक के आवेदन पर 28 जुलाई 2026 को ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 231/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 352, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि शाहिद ने फेसबुक पर विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने फेसबुक पोस्ट से संबंधित तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में पुलिस ने पोस्ट में कथित तौर पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज पाए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, पोस्ट से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और विधायक की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी।
तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम ने 21 अगस्त को आरोपी मोहम्मद शाहिद उर्फ बाबुवा भाई उर्फ बबुआ को गिरफ्तार किया। वह मनिहारी टोला सिंगलपुर, थाना कदवा का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने फेसबुक पोस्ट करने की बात स्वीकार की है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2009 से लेकर 2024 तक चोरी, डकैती, लूट, हथियार, हत्या के प्रयास और अपहरण समेत कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अजय अमन, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।



