किशनगंज : बाल विवाह, दहेज व लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूकता से ही आएगा सामाजिक बदलाव

किशनगंज, 22 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकार, सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर शनिवार को प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पोठिया में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश तथा जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी डब्ल्यूसीडीसी अंकिता सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।
डीएम नवीन कुमार ने कहा कि बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक हिंसा और महिलाओं व बालिकाओं के खिलाफ होने वाले उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। किशोरियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार है। विद्यालय और शिक्षण संस्थान इसके लिए प्रभावी माध्यम हैं।
जिला मिशन समन्वयक डीएचईडब्ल्यू मो. शहबाज आलम ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्राओं को बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न और मानव तस्करी सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा ने लैंगिक हिंसा के स्वरूप, बचाव के उपाय, अधिकार और शिकायत तंत्र के बारे में बताया। वहीं एमटीएस श्यामा कुमारी ने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध सहायता और सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने बाल विवाह, दहेज अधिनियम और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर प्रभावशाली भाषण दिया। छात्रा की प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पोठिया विजय कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। मौके पर बीईओ विजय कुमार, जिला मिशन समन्वयक मो. शहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा, एमटीएस श्यामा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद थीं। छात्राओं को संकट की स्थिति में उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।



