किशनगंज : कोचाधामन थाना का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

किशनगंज, 20 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कोचाधामन थाना में बुधवार की रात उस समय पुलिस पदाधिकारियों में हलचल बढ़ गई, जब पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार अचानक औचक निरीक्षण के लिए थाना पहुंच गए। इस दौरान एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों, अभिलेखों के रखरखाव और मालखाने की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में लंबित विभिन्न कांडों की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान की प्रगति, मामलों के लंबित रहने के कारण और उनके निष्पादन में आ रही समस्याओं की जानकारी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से ली। एसपी ने थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद एसपी ने थाना के सरिस्ता कक्ष का निरीक्षण किया। वहां रखे दस्तावेजों और अभिलेखों की स्थिति की जांच करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने तथा अभिलेखों का बेहतर तरीके से संधारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर दस्तावेजों के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसपी ने मालखाने का भी निरीक्षण किया और विभिन्न कांडों से संबंधित प्रदर्शों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शों की सुरक्षा और उनके व्यवस्थित संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा कि लंबित कांडों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन करने और थाना की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के बाद पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर विशेष रूप से सतर्क किया गया।



