District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 12 वर्षीय उमर आलम की मौत मामले में एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

डॉग स्क्वॉड से जांच कराने का निर्देश, परिजनों और ग्रामीणों से ली घटना की जानकारी

किशनगंज, 20 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कोचाधामन थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय उमर आलम की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार बुधवार देर शाम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अब तक हुई जांच व कार्रवाई की समीक्षा की। एसपी ने सुंदरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलवर्ट के सामने नहर के समीप स्थित घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान एसपी ने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों से अनुसंधान की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने और किसी भी संभावित बिंदु को नजरअंदाज नहीं करने का निर्देश दिया। एसपी ने घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मामले से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए अनुसंधान में तेजी लाने को कहा।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक मृतक उमर आलम के गांव सारगोरा पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक के माता-पिता, परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना और घटना से जुड़े संभावित सुरागों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। ग्रामीणों से पूछताछ कर पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया।

मामले की जांच को वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित बनाने के लिए एसपी संतोष कुमार ने एसडीपीओ किशनगंज को डॉग स्क्वॉड के माध्यम से घटनास्थल की जांच कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने को कहा। साथ ही घटनास्थल से मिलने वाले प्रत्येक साक्ष्य को सुरक्षित रखते हुए उसकी जांच करने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने अधिकारियों से मामले का जल्द उद्भेदन करने और घटना से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा है। पुलिस द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एसपी के घटनास्थल निरीक्षण और परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत के बाद मामले के अनुसंधान में तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button